अमेरिका में सेल्फी लेते वक्त गहरी खाई में गिरकर हुई थी भारतीय कपल की मौत, रिपोर्ट में खुलासा
इंटरनेशनल/न्यूयॉर्क: अमेरिका के योसेमाइट नेशनल पार्क में भारतीय मूल के दंपति की 800 फीट गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई थी। एक मीडिया रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि विष्णु विश्वनाथ (29) और उनकी पत्नी मीनाक्षी मूर्ति (30) सेल्फी लेते वक्त खाई में गिर गए। फॉक्स न्यूज ने विष्णु के भाई जिष्णु के हवाले से यह जानकारी दी। बड़ी बात यह कि मीनाक्षी सेल्फी लेते वक्त जिन खतरों से लोगों को आगाह करती थीं, उन्होंने खुद उसका ध्यान नहीं रखा।
टाफ्ट पॉइंट पर ही सेल्फी ले रहे थे
विष्णु सैन जोस में सिस्को कंपनी में सिस्टम इंजीनियर थे। विष्णु और मीनाक्षी की बॉडी टाफ्ट पॉइंट के नीचे खाई में मिली। नेशनल पार्क का टाफ्ट पॉइंट फोटो खिंचवाने के लिए मशहूर है। दुनियाभर से यहां आने वाले पर्यटक यादगार बनाने के लिए टाफ्ट पॉइंट पर ही फोटो खिंचाते हैं। जिष्णु ने बताया कि लोगों ने पार्क कर्मचारियों को ट्राईपॉड पर एक कैमरा मिलने की जानकारी दी थी। इसके बाद पार्क रेंजरों को पिछले गुरुवार को विष्णु और मीनाक्षी के शव मिले।
– विष्णु के भाई के मुताबिक- मीनाक्षी ट्राईपॉड सैट कर रही थीं। इस बात की प्रबल संभावना है कि वह सेल्फी लेना चाह रही हों। टाफ्ट पॉइंट पर रेंजरों को हाईपावर्ड दूरबीन भी मिली। दोनों शव हेलिकॉप्टर की मदद निकाले गए।
मीनाक्षी सेल्फी लेते वक्त खतरों से आगाह करती थीं
विष्णु और मीनाक्षी हॉलीडे एंड हैप्पीलीएवरऑफ्टर नाम का ब्लॉग लिखते थे। इसमें वह अपने एडवेंचर ट्रैवल की जानकारियां शेयर करते थे। कुछ महीने पहले ही मीनाक्षी ने इंस्टाग्राम पोस्ट पर पहाड़ की चोटी पर सेल्फी लेने वालों को खतरे से आगाह किया था।
-मीनाक्षी ने कोलोराडो के ग्रेंड केनयन में ली गई फोटो का मीनाक्षी ने कैप्शन लिखा- कई लोग पहाड़ के किनारे खड़े होने को बहादुरी समझते हैं। लेकिन क्या आप ये जानते हैं कि हवा का झोंका भी आपके लिए खतरनाक हो सकता है? क्या आपकी जिंदगी एक फोटो के लिए ही बनी है? विष्णु और मीनाक्षी की मौत से पहले उनके साथ एक व्यक्ति शॉन मैटसन और उनकी गर्लफ्रेंड भी थे। मैटसन ने बताया मीनाक्षी पहाड़ के काफी किनारे खड़ी थीं लेकिन वह सहज महसूस कर रही थीं। नेशनल पार्क के प्रवक्ता जेमी रिचर्ड्स के मुताबिक- हमें अब तक नहीं पता कि वे किस वजह से गिरे। उस वक्त क्या हुआ, हम पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। जो भी हुआ, वह त्रासद है। इस साल पार्क में पहाड़ से गिरकर 10 लोगों की मौत हो चुकी है।
4 साल पहले हुई थी शादी
विष्णु और मीनाक्षी की 2014 में शादी हुई थी। दोनों सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे। कपल एडवेंचर का शौकीन था। कई लोगों ने कपल की मौत पर दुख जताया। चेगन्नूर (केरल) के कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग ने फेसबुक पोस्ट पर लिखा कि विष्णु और मीनाक्षी ने 2006-10 में कंप्यूटर साइंस की डिग्री ली थी। उनके परिवार के साथ हमारी संवेदनाएं हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Source: bhaskar international story