जेफ बेजोस की पूर्व पत्नी मैकेंजी 1.29 लाख करोड़ रु. दान में देंगी, यह उनकी आधी संपत्ति के बराबर
वॉशिंगटन. जेफ बेजोस की पूर्व पत्नी मैकेंजी ने अपनी आधी संपत्ति यानी 18.45 अरब डॉलर (1.29 लाख करोड़ रुपए) दान करने का ऐलान किया है। उनकी मौजूदा नेटवर्थ 36.9 अरब डॉलर (2.58 लाख करोड़ रुपए) है। मैकेंजी के पास अमेजन के जो शेयर हैं उनकी इतनी वैल्यू है। अमेजन के सीईओ और दुनिया के सबसे बड़े अमीर जेफ बेजोस से पिछले महीने तलाक के बाद मैकेंजी के हिस्से में अमेजन के 4% शेयर आए थे और वो दुनिया की चौथी सबसे अमीर महिला बन गई थीं।
दुनिया की 3सबसे अमीर महिलाएं
नाम/ग्रुप | नेटवर्थ (रुपए) |
फ्रेंकोइस बेटनकोर्ट मेयर्स (लोरियल, फ्रांस) | 3.80 लाख करोड़ |
एलाइके वॉल्टन (वॉलमार्ट, यूएस) | 3.24लाख करोड़ |
जैकलीन मार्स (मार्स, यूएस) | 2.77लाख करोड़ |
संपत्ति दान करने के फैसले से मैकेंजी गिविंग प्लेज का हिस्सा बन गई हैं। यह मुहिम वॉरेन बफे, बिल गेस्ट और मिलिंडा गेट्स ने 2010 में शुरू की थी। इसके जरिए दुनिया के अमीरों को परोपकार के कामों में दान करने के लिए प्रेरित किया जाता है।
अब तक 204 व्यक्ति और परिवार गिविंग प्लेज मुहिम से जुड़ चुके हैं। मंगलवार को मैकेंजी समेत 19 लोग जुड़े। इनमें वॉट्सऐप के को-फाउंडर ब्रायन एक्टन और पिंटरेस्ट के को-फाउंडर पॉल सिआरा भी शामिल हैं।
मैकेंजी ने कहा है कि परोपकार के प्रति मेरा नजरिया हमेशा विचारशील रहेगा। मैं इसके लिए वक्त दूंगी, प्रयास और परवाह करती रहूंगी लेकिन इंतजार नहीं करूंगी। मैकेंजी के फैसले की जेफ बेजोस ने तारीफ की है।
वॉरेन बफे ने इस मौके पर कहा है दुनिया की बेहतरी के लिए शांतिपूर्ण और प्रभावी तरीके से काम करने वाले लाखों लोगों से जो प्रेरणा हम लेते हैं गिविंग प्लेज ग्रुप की उदारता उसी की झलक है।
मैकेंजी के पूर्व पति जेफ बेजोस दुनिया के सबसे बड़े अमीर हैं। ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के मुताबिक जेफ बेजोस की नेटवर्थ 115 अरब डॉलर (8 लाख करोड़ रुपए) है। इंडेक्स में मैकेंजी का 22वां नंबर है।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Source: bhaskar international story