तंजानिया के सबसे युवा अरबपति मोहम्मद देवजी अगवा, घटना के वक्त जिम जा रहे थे
तंजानिया. देश की आर्थिक राजधानी दार-ए-सलाम में गुरुवार को बंदूकधारियों ने अफ्रीका के सबसे युवा अरबपति को अगवा कर लिया। यह वारदात उस वक्त हुई, जब उन्होंने शहर के एक होटल के जिम में एंट्री की थी।
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित मोहम्मद देवजी (43) 10 देशों में कृषि, इंश्योरेंस, ट्रांसपोर्ट, लॉजिस्टिक और फूड इंडस्ट्री में काम करने वाले एमईटीएल ग्रुप के प्रमुख हैं। दार-ए-सलाम के गवर्नर पॉल ने बताया कि शुरुआती जानकारी के मुताबिक दो गाड़ियों में सवार बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस प्रमुख लैजैरो मम्बोसा ने वारदात में विदेशियों का हाथ होने की आशंका जताई। उन्होंने बताया कि देवजी को अगवा करते वक्त बदमाशों ने हवाई फायरिंग भी की थी।
देवजी का जन्म तंजानिया में हुआ था। उन्होंने अमेरिका की जॉर्जटाउन यूनिवर्सिटी में पढ़ाई की थी। इसके अलावा 2005 से 2015 तक वे संसद के सदस्य भी रहे।
2013 में वे तंजानिया के पहले ऐसे नागरिक थे, जिसे फोर्ब्स मैगजीनने अपने कवर पेज पर जगह दी थी। वहीं, फोर्ब्स अफ्रीका ने उन्हें ‘पर्सन ऑफ द ईयर’ करार दिया।
फोर्ब्स के मुताबिक, अफ्रीका के अरबपतियों की लिस्ट में देवजी 17वें नंबर पर हैं। उनकी नेट वर्थ 1.5 अरब डॉलर (11 हजार करोड़ रुपए) आंकी गई थी। फोर्ब्स के मुताबिक, 2016 में देवजी ने प्रतिज्ञा ली थी कि भविष्य में वे अपनी आधी संपत्ति जरूरतमंद लोगों को दान कर देंगे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Source: bhaskar international story