भारत ने टी-20 में पहली बार न्यूजीलैंड को उसके घर में हराया, रोहित इस फॉर्मेट के टॉप स्कोरर बने
इंटरनेशनल डेस्क,ऑकलैंड. भारत ने तीन मैच की सीरीज के दूसरे टी-20 में न्यूजीलैंड को सात विकेट से हरा दिया। इसके साथ ही उसने सीरीज में 1-1 से बराबरी की। सीरीज का पहला मैच न्यूजीलैंड ने 80 रन से जीता था। भारत ने अंतरराष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट में न्यूजीलैंड को उसके घरेलू मैदान पर पहली बार हराया है। इस मैच में न्यूजीलैंड ने टॉस जीता और बल्लेबाजी का फैसला किया। न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में 8 विकेट पर 158 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने सात गेंदें शेष रहते मैच अपने नाम किया। उसने तीन विकेट पर 162 रन बनाए। क्रुणाल पंड्या को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
रोहित 100+ छक्के लगाने वाले तीसरे बल्लेबाज :भारत की ओर से रोहित शर्मा ने सबसे ज्यादा 50 रन बनाए। उन्होंने 29 गेंद की अपनी पारी में 3 चौके और 4 छक्के लगाए। वे अंतरराष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट के टॉप स्कोरर बने। उनके अब 2288 रन हो गए हैं। उनसे पहले यह रिकॉर्ड मार्टिन गुप्टिल के नाम था। गुप्टिल ने 76 टी-20 में 2272 रन बनाए हैं। वहीं, रोहित ने 92वें टी-20 में इस आंकड़े को पार किया।
भारतीय कप्तान ने गुप्टिल को पीछे छोड़ा :रोहित टी-20 में 100 से ज्यादा छक्के लगाने वाले दुनिया के तीसरे बल्लेबाज भी बने। उनके अंतरराष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट में अब 102 छक्के हो गए हैं। इस मैच से पहले उन्होंने 91 टी-20 में 98 छक्के लगाए थे। इस मामले में वेस्टइंडीज के क्रिस गेल और न्यूजीलैंड के मार्टिन गुप्टिल संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं। गेल 56 और गुप्टिल 76 टी-20 मैच में 103-103 छक्के लगा चुके हैं। रोहित अंतरराष्ट्रीय टी-20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा बाउंड्री लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। वे अब तक 204 चौके और 102 छक्के लगा चुके हैं। उनसे पहले गुप्टिल के नाम यह रिकॉर्ड था। गुप्टिल के नाम 200 चौके और 103 छक्के हैं।
रोहित ने विराट की बराबरी की :रोहित की कप्तानी में भारत ने अब तक 14 टी-20 खेले हैं। इनमें से टीम इंडिया 12 को जीतने में सफल रही है, जबकि दो में उसे हार का सामना करना पड़ा है। इस मैच में न्यूजीलैंड को हराने के साथ ही रोहित ने कई निजी उपलब्धियां भी अपने नाम कीं। उन्होंने बतौर कप्तान विराट कोहली के 12 टी-20 मैच जीतने के रिकॉर्ड की बराबरी की। विराट ने अब तक 20 टी-20 में टीम इंडिया की कमान संभाली है। इनमें से 7 मैच हारे और एक बेनतीजा रहा। टीम इंडिया ने धोनी की कप्तानी में सबसे ज्यादा 41 टी-20 जीते हैं।
ऐसे गिरे भारतीय टीम के विकेट :पहला विकेट (9.2 ओवर) : ईश सोढ़ी की शॉर्ट लेंथ गेंद को रोहित शर्मा पुल करना चाहते थे, लेकिन गेंद पूरी तरह से उनके बल्ले पर आई नहीं। मिडविकेट पर खड़े टिम साउदी ने उनका कैच पकड़ने में कोई गलती नहीं की। इस समय भारत का स्कोर 79 रन था।
दूसरा विकेट (10.5 ओवर) : लॉकी फर्ग्युसन ने 143 की रफ्तार से शिखर धवन को बाउंसर फेंकी। धवन ने इसे लेग साइड में हिट करने की कोशिश की, लेकिन गेंद बल्ले का ऊपरी किनारा लेकर प्वाइंट पर चली गई। वहां खड़े कोलिन डी ग्रैंडहोम ने कैच लपक लिया। इस समय भारत अपने खाते में 88 रन जोड़ चुका था।
तीसरा विकेट (13.4 ओवर) : डेरिल मिशेल ने स्ट्राइक पर खड़े विजय शंकर को ऑफ साइड में धीमी शॉर्ट लेंथ गेंद फेंकी। शंकर ने इसे हिट किया। हालांकि, वे गेंद को बाउंड्री तक पहुंचाने में नाकामयाब रहे और मिडविकेट पर खड़े साउदी ने उनका कैच लपक लिया। इस समय भारत का स्कोर 118 रन था।
ग्रैंडहोम न्यूजीलैंड के टॉप स्कोरर रहे :न्यूजीलैंड के लिए कोलिन डी ग्रैंडहोम ने सबसे ज्यादा 50 रन बनाए। ग्रैंडहोम ने 28 गेंद की अपनी पारी में एक चौका और चार छक्के लगाए। ग्रैंडहोम के अलावा रॉस टेलर ने 36 गेंद पर 42 रन की पारी खेली। कप्तान केन विलियम्सन ने 20, जबकि कॉलिन मुनरो और टिम सिफर्ट ने 12-12 रन बनाए। न्यूजीलैंड के चार बल्लेबाज दहाई के अंक तक नहीं पहुंच पाए।
खराब शुरुआत के बाद न्यूजीलैंड ने 150+ का स्कोर किया :न्यूजीलैंड की शुरुआत खराब हुई। उसने महज 15 रन के स्कोर पर ही पहला विकेट गंवा दिया था। यही नहीं, 50 रन के कुल स्कोर पर उसके कप्तान केन विलियम्सन भी चौथे बल्लेबाज के तौर पर आउट होकर पवेलियन लौट चुके थे। इसके बाद कोलिन डी ग्रैंडहोम और रॉस टेलर ने पारी को संभाला। दोनों ने 5वें विकेट के लिए 47 गेंद पर 77 रन जोड़े। इस साझेदारी में ग्रैंडहोम ने 28 गेंद में 50 और टेलर ने 19 गेंद पर 22 रन बनाए। एक समय ऐसा लग रहा था कि न्यूजीलैंड की 170 से ज्यादा का स्कोर बनाएगी, लेकिन ग्रैंडहोम के आउट होने के बाद वह 26 गेंद पर 31 रन ही बना पाई और तीन विकेट गंवाए।
दोनों टीमें इस प्रकार हैं :
भारत : रोहित शर्मा (कप्तान), महेंद्र सिंह धोनी (विकेटकीपर), शिखर धवन, विजय शंकर, ऋषभ पंत, दिनेश कार्तिक, हार्दिक पंड्या, युजवेंद्र चहल, भुवनेश्वर कुमार, क्रुणाल पंड्या, के. खलील अहमद।
न्यूजीलैंड : केन विलियम्सन (कप्तान), कॉलिन मुनरो, रॉस टेलर, टिप सिफर्ट (विकेटकीपर), कोलिन डी ग्रांडहोम, मिशेल सैंटनर, स्कॉट कुगेलजिन, डेरिल मिशेल, टिम साउदी, ईश सोढ़ी, लॉकी फर्ग्युसन
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Source: bhaskar international story