मेंग होंगवेई अब इंटरपोल के चीफ नहीं, चीन ने लगाया रिश्वत लेने का आरोप
लिओन. चीन ने सोमवार को कबूल किया कि इंटरपोल के चीफ मेंग होंगवेई को संभावित आपराधिक गतिविधि के चलते हिरासत में लिया गया है। उन पर रिश्वत लेने का आरोप लगाया गया है।वहीं, विश्व पुलिस संगठन (इंटरपोल) ने जानकारी दी कि मेंग ने चीन से ही इस्तीफा भेजदिया है। मेंग चीनी मूल केहैं।
मेंग ने 25 सितंबर को अपने मोबाइल से सोशल मीडिया पर पत्नी को एक संदेश भेजा। इसमें उन्होंने लिखा, ‘‘मेरे फोन का इंतजार करना।’’ इसमें मेंग ने चाकू वाला इमोजी बनाया था। इसके बाद पत्नी ने मेंग की जिंदगी खतरे में बताते हुए फ्रांस की पुलिस से शिकायत की थी।
5 अक्टूबर को फ्रांस सरकार ने जांच शुरू की। इसमें पता चला कि मेंग 29 सितंबर को चीन के लिए रवाना हुए थे। बीजिंग के राष्ट्रीय पर्यवेक्षी आयोग ने सोमवार को इस संबंध में चुप्पी तोड़ी। चीन ने एक लाइन का बयान जारी करते हुए कहा कि मेंग को नियमों के उल्लंघन के आरोप में हिरासत में लिया गया है।
इसके बाद इंटरपोल ने मेंग का इस्तीफा मिलने का ऐलान किया। साथ ही, अगले महीने होने वाली आमसभा में नया चीफ चुनने की जानकारी दी। फिलहाल दक्षिण कोरिया के किम जोंग यांग को कार्यकारी प्रमुखनियुक्त किया गया है। किम इस वक्त इंटरपोल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष हैं।
इंटरपोल के 95 साल के इतिहास में मेंग होंगवेई पहले ऐसे संगठन प्रमुख रहे जो चीनी मूल केथे। इससे पहले वे चीन की नागरिक सुरक्षा के उपमंत्री थे। वे खुफिया पुलिस का कामकाज देखते थे।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Source: bhaskar international story