40 साल बाद सुलझी महिला के कत्ल की गुत्थी, परिवार का सदस्य आरोपी निकला
कैलिफोर्निया. सैन डिएगो की एक महिला की हत्या का मामला चार दशकों बाद सुलझा। पुलिस के मुताबिक जेनेटिक जीनोलॉजी के जरिए इस केस को हल किया गया। हालांकि, जांच में पता लगा कि हत्या के आरोपी की भी 20 साल पहले मौत हो चुकी है।
पुलिस ने बताया कि 21 मार्च 1979 को बारबरा बेकर (37) अपने घर में मृत पाई गई थीं। उनके शरीर पर गहरे जख्म के निशान थे, जो इस बात का संकेत थे कि उन्होंने हत्यारे से खुद को बचाने के लिए संघर्ष किया था। वहां मौजूद खून की बूंदें यह दर्शाती हैं कि हत्यारा भी इस हमले में घायल हुआ था।
पुलिस ने कहा कि घटनास्थल पर जो भी मिला, उसे कंबाइंड डीएनए इंडेक्स सिस्टम पर अपलोड किया गया। मगर कुछ हाथ नहीं लगा। इस मामले में पहली सफलता अक्टूबर 2018 में मिली, जब सैन डिएगो के जांचकर्ता एफबीआई की जेनिलॉजी जांच टीम से मिले। जांच टीम ने पाया कि जीनोलॉजिकल डाटाबेस के बूते इस गुत्थी को सुलझाया जा सकता है।
मुख्य जेनेटिक जीनोलॉजिस्ट सीसी मूरे ने बताया कि पब्लिक जीनोलॉजिकल डेटाबेस के जरिए बारबरा के परिवार और उनसे जुड़े लोगों के डीएनए का पूरा चार्ट बनाया ताकि संदिग्ध व्यक्ति के डीएनए की पहचान हो सके।
जांचकर्ताओं ने पाया कि बेकर के परिवार का सदस्य पॉल जीन चॉर्ट्रेंड हत्या का आरोपी हो सकता है। उसके परिजनों के डीएनए सैंपल भी लिए गए, जो कि घटनास्थल पर मिली खून की बूंदों के सैंपल से मैच हो गए। इससे स्पष्ट हो गया कि चॉर्ट्रेंड ही हत्या का आरोपी है। हालांकि उसकी मौत 1995 में हो चुकी है।
सैन डिएगो पुलिस का कहना था कि इस मामले को सुलझाकर पूरी टीम बेहद खुश है। हालांकि बेकर के परिवार को सच जानने के लिए चार दशक का इंतजार करना पड़ा।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Source: bhaskar international story