6 महीने में भारत पर 6.95 लाख साइबर अटैक, हमलावर देशों में रूस-अमेरिका सबसे आगे
नई दिल्ली. भारत पर 2018 की पहली छमाही में रूस, अमेरिका, चीन और नीदरलैंड्स जैसे देशों की तरफ से 6.95 लाख साइबर हमले हुए। साइबर सिक्युरिटी फर्म एफ-सिक्योर की रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ है। इस दौरान भारत में बैठे हैकरों ने जिन देशों पर साइबर हमले किए, उनमें ऑस्ट्रिया, नीदरलैंड्स, यूके, जापान और यूक्रेन शामिल हैं। हालांकि, भारत की तरफ से साइबर हमलों की कुल संख्या काफी कम 73,482 रही।
भारतीय सर्वरों पर सबसे ज्यादा साइबर हमले रूस (2,55,589) की तरफ से हुए। इसके बाद अमेरिका (1,03,458), चीन (42,544), नीदरलैंड्स (19,169) और जर्मनी (15,530) टॉप-5 में रहे। अकेले इन पांच देशों की तरफ से ही भारत पर 4.36 लाख साइबर हमले हुए।
2018 की पहली छमाही (जनवरी-जून) में भारत पर कुल साइबर हमलों की संख्या 6 लाख 95 हजार रही। साइबर हमले झेलने वाले देशों की सूची में भारत विश्व में 21वीं पायदान पर रहा।
दूसरी तरफ भारत में बैठे हैकरों ने सबसे ज्यादा 12,540 साइबर हमले ऑस्ट्रियाई संस्थाओं पर किए। इसके बाद नीदरलैंड्स पर 9,267, यूके पर 6,347, जापान पर 4701 और यूक्रेन पर 3708 साइबर हमले हुए। इस लिहाज से साइबर हमलों की शुरूआत करने वाले देश में भारत का 13वां स्थान रहा।
एफ-सिक्योर के वाइस प्रेसिडेंट लेसजेक तसिम्सकी ने बताया कि भारत तेजी से डिजिटाइजेशन की तरफ बढ़ रहा है। इसी वजह से दुनियाभर में बैठे साइबर अपराधी भारत को साइबर हमलों का निशाना बना रहे हैं।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Source: bhaskar international story