फेसबुक के कर्मचारी देख सकते थे 60 करोड़ यूजर्स के पासवर्ड, सर्वर पर प्लेन टेक्स्ट में स्टोर थे
सैन फ्रांसिस्को. फेसबुक के करोड़ों यूजर्स के पासवर्ड कंपनी के कर्मचारियों के सामने उजागर हुए थे। कंपनी ने गुरुवार को खुद यह जानकारी दी। उसने बताया कि इंटरनलसर्वर पर साफ शब्दों में यूजर के पासवर्ड देखे जा सकते थे।
कंपनी ने ऐसे यूजर की संख्या नहीं बताई है जो जिनके पासवर्ड प्लेन टेक्स्ट में स्टोर किए गए। लेकिन, सिक्योरिटी न्यूज वेबसाइट क्रेब्सऑनसिक्योरिटी डॉट कॉम के ब्रायन क्रेब्स ने फेसबुक के सूत्रों के हवाले से कहा है कि 60 करोड़ यूजर के पासवर्ड प्लेन टेक्स्ट में स्टोर किए गए थे। उन्हें फेसबुक के 20,000 कर्मचारी सर्च कर सकते थे। 2012 से ऐसा चल रहा था। दुनियाभर में फेसबुक के 2.7 अरब यूजर हैं।
फेसबुक ने सफाई देते हुए कहा कि कंपनी के बाहर किसी के लिए यूजर के पासवर्ज विजिबल नहीं थे। ना ही इस बात के कोई सबूत मिले हैं कि किसी कर्मचारी ने पासवर्ड गलत तरीके से हासिल किए या उनका दुरुपयोग किया।
फेसबुक के वाइस प्रेसिडेंट (इंजीनियरिंग, सिक्योरिटी एवं प्राइवेसी) पेडरो केनेहॉटी ने बताया कि इस साल रुटिन सिक्योरिटी रिव्यू के दौरान पासवर्ड विजिबल होने का पता चला। सभी प्रभावित यूजर्स को इसकी जानकारी दी जाएगी ताकि वो अपना पासवर्ड बदल सकें।
Download Dainik Bhaskar App to read Latest Hindi News Today
Source: bhaskar international story